रास्ता बंद होने से नाराज लोगों पर शक
रेलवे ट्रैक के पूरब साइड अवराई कला गांव व पश्चिम में पाही गांव है। दोनों गांवों का आना-जाना रेलवे ट्रैक से था। कुछ दिन पूर्व रेलवे के लोगों ने बांस लगाकर रास्ते को बंद कर दिया था। इससे स्थानीय लोग नाराज हैं। आरपीएफ को आंशका है कि इसी गांव के किसी शरारती तत्व ने क्लिप निकाले हैं।
लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस को डिरेल करने की हुई थी कोशिश
बलिया-छपरा रेलखंड के मांझी रेल पुल के समीप 28 सितंबर 2024 की सुबह ट्रैक पर पत्थर रखकर लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन को डिरेल करने की कोशिश की गई थी। इस घटना में इंजन का सुरक्षा गार्ड क्षतिग्रस्त हो गया था। करीब आधे घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।
अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर खोजबीन की जा रही है। रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - अजय सिंह, आरपीएफ प्रभारी मऊ।
यह कार्य शरारती तत्वों का है। इसकी गहन जांच के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। लाइन पर लगातार नजर रही जा रही है। - आशीष जैन, डीआरएम
बेल्थरारोड स्टेशन का डीआरएम ने किया औचक निरीक्षण
वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बृहस्पतिवार को बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। विशेष सैलून से पहुंचे डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की करीब डेढ़ घंटे तक समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था आरवीएनएल एवं गति शक्ति के कार्यों की भी समीक्षा की। रेलवे स्टेशन पर जहां-तहां बनाए गए स्टोर से फैली गंदगी पर नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, पानी की टंकी, शौचालय, नालियां, टिकट घर और अन्य निर्माणाधीन कार्यों को देखा। उन्होंने नालियों पर जाली लगाने के निर्देश दिए। सभी कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के आदेश दिए। डीआरएम ने फरवरी तक स्टेशन पर चल रहे सभी विकास कार्य पूरे कर लेने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र गुप्ता ने स्टेशन पर मेल-सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव सहित कई मांगें रखीं।