नगरा (बलिया)। नगरा-घोसी मार्ग पर इंग्लिशिया परशुरामपुर स्थित ढोढा चट्टी के समीप रविवार तड़के हुए आम से लदी पिकअप और बालू लदे ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। सड़क पर आम बिखर गए। ग्रामीण आम बंटोरने में लग गए।
दुर्घटना में पिकअप चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को पीएचसी पहुंचाया। भीमपुरा की ओर से आम लेकर एक पिकअप सिकंदरपुर की तरफ जा रही थी। जैसे ही वाहन इंग्लिशिया परशुरामपुर के पास ढोढा चट्टी के समीप पहुंचा, नगरा की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से टक्कर से हो गई। ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चला गया। हादसे में सिकंदरपुर निवासी चालक गोरख (35) और खलासी शिवशंकर (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।