एनएच से जुड़े बघेजी, गंगहरा, थम्हनपुरा, इंदरपुर, अजोरपुर, कोट मझरिया, मिल्की, इच्छाचौबे के पूरा की सड़कों के निर्माण के लिए कांग्रेसजनों ने लोगों के साथ डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। कहा कि एनएच से जुड़ीं ये सड़कें बेहद जर्जर हो चुकी हैं लेकिन जनप्रतिनिधियों को लोगों का तनिक भी ख्याल नहीं है।
भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव जैनेंद्र पांडेय के नेतृत्व में जुटे ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी की। धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पांडेय ने कहा कि एनएच से जुड़ी सड़कें जर्जर हो चुकी है। दर्जनभर गांवों के हजारों ग्रामीण प्रतिदिन इस मार्ग से होकर आते-जाते हैं।
बघेजी, गंगहरा, थम्हनपुरा, इंदरपुर, अजोरपुर, कोट मझरिया, मिल्की, इच्छा चौबे के पूरा के लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ती है। एक तरफ बाढ़, दो दूसरी तरफ बारिश। ऐसे में सड़क तक भी दुरुस्त न होने पर लोग अपने भाग्य को कोसते हैं। एनएच से जुड़ी कई सड़कें अति जर्जर हो चुकी हैं। इतना ही नहीं राष्ट्रीय राजमार्ग भी जगह-जगह टूट गया है।
भरौली से बैरिया तक एनएच का पुनर्निर्माण जरूरी है। एनएच को छोड़कर अन्य सड़कों को लेकर विधायक, मंत्री और सांसद चुप्पी साधे हुए हैं। कहा कि क्षेत्रीय विधायक तो चुनाव जीतने के बाद आज तक गांव की ओर रुख ही नहीं किए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गांव का कितना अधिक विकास किया गया होगा। इस मौके पर वक्ताओं ने सपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
कहा कि जिले में तीन-तीन मंत्री हैं फिर भी विकास के लिए धरने पर बैठना पड़ता है। जनहित के मुद्दे पर बोलने वाला कोई नहीं है। इस मौके पर पवन चौबे, श्याम बहादुर सिंह, दीपक कुमार श्रीवास्तव, सुधीर ओझा राणा, पवन तिवारी, अभय सिंह, शिवप्रताप ओझा, प्रवीण गिरि, अभय सिंह, संजय, धनजी, अजय मिश्रा, शैलेश यादव, रविशंकर सिंह आदि रहे।