बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले में शनिवार को गुनगुनी धूप के बीच लोगों ने खरीदारी का जमकर आनंद उठाया। हालांकि शाम को ठंड बढ़ने से भीड़ कम रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्र से आए मेलार्थियों ने जमकर खरीदारी की। इसके अलावा हैंडीक्राफ्ट और बांस से बने उत्पादों की मांग भी खूब हो रही है।
हैंडीक्राफ्ट का सामान लेकर सहारनपुर से आए अनश बताते है कि शुरुआती दिनों में ग्राहकों की आवक कम रही, लेकिन जैसे-जैसे मेला के समापन की तिथि करीब आ रही लोगों के आने सिलसिला भी बढ़ रहा है। बताया कि मेला में आने वाले लोग हैंडीक्राफ्ट के सामानों की खूब खरीद कर रहे है। आसाम से बांस के उत्पाद लेकर मेले में आए रफीकउल इस्लाम ने बताया कि ददरी मेला में आने वाले लोग बांस से बने सामानों की खरीद को खासी तव्वजों दे रहे है। वहीं, शहरी क्षेत्र के लोग शाम के बाद मेले में पहुंचे। खान-पान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। ऊनी कपड़ों की बिक्री भी खूब हुई। ठंड को देखते हुए मेले में दुकानदार ने भी सामानों की खूब वैरायटी उतारी है। डिमांड के हिसाब से मेले में सामान भी मंगा रहे हैं। मेला में आने वालों लोगों खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मीना बाजार थाना प्रभारी नंद कुमार तिवारी लगातार हमराहियों के साथ मेला परिसर में गश्त करते रहे। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी मेला के अति संवेदनशील स्थानों की पुलिस निगरानी कर रही है।