नगर के बापू भवन टाउनहाल मैदान में वीरांगन महारानी दुर्गावती का 452वां बलिदान दिवस पखवारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ राबर्ट्सगंज के भाजपा सांसद छोटेलाल खरवार ने महारानी दुर्गावती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया।
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए हम लोगों को अपनी चट्टानी एकता का प्रदर्शन करना होगा। सांसद खरवार ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अपने बेटे को पीठ पर बांधकर जिस तरह से अंग्रेजों से लोहा मनवाया था। उसी प्रकार हम लोगों को अपने समाज के सम्मान के लिए कठिन से कठिन मार्ग पर चलना होगा।
उन्होंने कहा आप लोग एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ें तो सफलता मिलेगी। इस मौके पर भाजपा नेता अनूप चौबे, नकुल चौबे, रमेश राय, डा. संजय गोंड, दीपक गोंड, मुन्ना खरवार सहित अन्य वक्ताओं ने समाज की बेहतरी के लिए लोगों को जगाने का कार्य किया।
कार्यक्रम के शुरुआत के समय में समाज के लोगों ने अतिथियों को तीर-धनुष भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान गोंडऊ नाच का भी आयोजन किया गया। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डा. संजय कुमार गोंड ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया।