गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अपने हाथों से बनाए गए सैन्य वाहन के साथ नगर में तिरंगा जुलूस निकालते अयूब मिस्त्री।
- फोटो : अमर उजाला
देशभक्ति के जुनून में गणतंत्र दिवस के मद्देनजर वाहन मिस्त्री ने एक खुली जीप पर कबाड़ से तोप टैंक, मिसाइल के माडल के साथ बापू का चर्खा और अशोक स्तंभ लगाकर सबको चौंकाने का कार्य किया है। इस वाहन को लेकर तिरंगा और भारत माता के जयकारे के साथ वाहन मिस्त्री ने नगर में एक जुलूस निकाला। जो गड़वार रोड से शुरु होकर नगर के सभी मार्गों से होते शहीद पार्क व चौक पहुंचा। जहां पहुंचने के बाद शहीदों को श्रद्घांजलि दी गई। इस दौरान जुलूस के साथ चल रहे लोगों ने भारत मां के जयकारे लगाए।
इस टैंक का माडल बनाने वाले परमंदापुर निवासी मो. अयूब शहर के बहेरी स्थित अपने वाहन गैरेज में चारपहिया वाहनों की मरम्मत का कार्य करीब दो दशक से करते चले आ रहे है। अयूब के मन में शुरु से ही देशभक्ति का जज्बा उमड़ता रहा। इसी जज्बे से ओतप्रोत होकर उन्होंने एक कबाड़ा जीप का लेकर अपने सहयोगियों के साथ तोप और टैंक का माडल प्रस्तुत करने के साथ ही उसपर बापू का चर्खा और अशोक स्तंभ भी स्थापित कर दिया। अपने राष्ट्र के प्रति प्रेम के लिए अयूब ने गणतंत्र दिवस के पहले इस माडल की झांकी निकालकर शहर के लोगों के सामने एक नई मिशाल पेश की। जिसे देखकर हर कोई देशभक्ति से ओत-प्रोत दिखा। अयूब की मानें तो इस नेक कार्य को करने में परिवार के लोगों ने उनका पूरा सहयोग किया। जुलूस में भारत मां नारे भी लगाए गए।