छह जुलाई 2020 की देर रात शहर कोतवाली स्थित आवास विकास कालोनी स्थित किराये के मकान में मनियर की ईओ मणि मंजरी राय का फंदे से लटकता शव मिला था। मामले में पुलिस ने ईओ के भाई विजयानंद राय की तहरीर पर सदर कोतवाली में नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, टैक्स लिपिक विनोद सिंह, कंप्यूटर आपरेटर अखिलेश कुमार, सिकंदरपुर के ईओ संजय कुमार राव व चालक चंदन कुमार, ठेकेदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने पूछताछ और जांच पड़ताल के बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नगर पंचायत अध्यक्ष और कंप्यूटर आपरेटर के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। नौ जुलाई को शहर कोतवाली पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय स्थित ईओ कार्यालय और ईओ आवास को सील कर दिया।
इस प्रकरण के जल्द पर्दाफाश करने के लिए जिलाधिकारी ने टीम का गठन किया है। इसमें एसडीएम बांसडीह दुष्यंत कुमार, सीओ सिटी एके सिंह, तहसीलदार बांसडीह गुलाब चंद्रा व कोतवाल विपिन सिंह शामिल हैं। टीम ने बृहस्पतिवार को नगर पंचायत मनियर स्थित ईओ कार्यालय का ताला खोलकर देर शाम तक फाइलों की जांच की।
बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ की उपस्थिति में आवास विकास कालोनी स्थित ईओ के आवास का ताला खोला गया। यहां मौजूद फाइलों व अन्य सामान को टीम ने कब्जे में ले लिया। शुक्रवार को टीम फिर मनियर पहुंची। फाइलों की जांच चल रही है।