बलिया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित पीसीएस प्री परीक्षा 12 अक्तूबर को जिले में 22 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 9564 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा के सुचारु और नकलविहीन कराने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में बैठक कर सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह व्यवस्थापकों को प्रशिक्षण दिया। आयोग से जारी दिशा निर्देशों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सफाई, टेबल की व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता एवं सभी सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित की जाए। परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न हो। जिले में कुल 22 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 9564 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक, द्वितीय पाली 02:30 बजे से 04:30 बजे तक होगी। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 22 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 22 केंद्र व्यवस्थापक, 22 सह व्यवस्थापक, 802 निरीक्षक एवं 41 रिजर्व कर्मचारियों की तैनाती की है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार उपस्थित रहे।