बलिया। शहर के बीच से गुजरने वाले एनएच-31 माल्देपुर-कदम चौराहा फोरलेन की हालत खराब हो गई है। ढाई साल बीतने के बाद भी लोगों को बेहतर फोरलेन का सपना अधूरा है। मंगलवार को पड़ताल में सामने आया कि बारिश से पहले कई स्थानों पर टूटे फोरलेन की मरम्मत करीब 20 दिन पहले कराई गई थी। अब हालत यह है कि 10 जगहों पर पैचवर्क की गिट्टियां बाहर हो गईं हैं।
वहीं, पैचवर्क की एक जगह करीब तीन से चार मीटर में दो हिस्सों में एकत्रित गिट्टी खतरनाक हो गई है। इसके ऊपर छोटे वाहन चालक कई बार गिरकर घायल हो जा रहे हैं। गाजीपुर से बिहार की सीमा मांझी तक जाने वाले इस मार्ग पर बड़े वाहनों का संचालन होता है। ऐसे में शहर के बीच चार किलोमीटर तक गुजरने वाले फोरलेन की हालत खराब हो गई है। संबंधित कार्यदायी संस्था इसे ठीक करने में रुचि नहीं दिखा रही है।
जिस समय फोरलेन का कार्य शुरू कराया गया था, उस समय उम्मीद जताई जा रही थी कि वाहनों का यातायात काफी सुगम होगा, लेकिन अभी तक लोगों को बेहतर सड़क नहीं मिल सकी है।
एक नजर में माल्देपुर-कदम चौराहा फोरलेन
लंबाई: लगभग 4.45 किलोमीटर
लागत: लगभग 48.95 करोड़ रुपये
चौड़ाई: डिवाइडर और नाली सहित कुल चौड़ाई लगभग 14 से 20 मीटर (80 फीट)
बहेरी गेट के पास बीच से धंसा पैचवर्क
माल्देपुर से चित्त पांडेय की तरफ आते समय बहेरी गेट के सामने करीब पांच मीटर तक सड़क काफी खराब हो गई है। पहले टूटी इस सड़क की कुछ ही दिन पहले मरम्मत कराई गई थी। नया पैचवर्क पूरी तरह से उखड़ गया है। छोटी-छोटी गिट्टी बिखरने से छोटे वाहन चालक फिसल जा रहे हैं।
सतनी सराय के सामने सड़क का हाल बुरा, पलट रहे ई-रिक्शा
मालगोदाम से कदम चौराहा की तरफ जाते समय सतनी सराय के सामने सड़क की दोनों तरफ से टूटे पैचवर्क के कारण गड्ढा हो गया है। दुकानदार संतोष पांडेय ने बताया कि कई बार गिरकर लोग चोटिल हो गए हैं। प्रशासन से कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अभी कुछ नहीं हुआ।
भृगु आश्रम के सामने स्थिति और खराब
भृगु आश्रम के पास स्थिति और खराब हो गई है। भृगु मंदिर से लेकर सिनेमा हॉल तक सड़क का पैचवर्क इस कदर उखड़ा है कि बड़ा हादसा हो सकता है। पहले भी इस जगह पर सड़क खराब हो गई थी, लेकिन गुणवत्तापूर्वक कार्य न होने से पूरी तरह पैचवर्क बाहर आ गया है।
पैचवर्क के बाद बना गड्ढा
कदम चौराह से कुछ दूर आगे लोक निर्माण विभाग की तरफ से गड्ढा सड़क को पैचवर्क कर दुरूस्त किया गया था लेकिन दस दिन बाद ही फिर सड़क के बीच गड्ढा बन गया है। सड़क पर 9 इंच व एक फीट चौड़ा गड्ढा हो गया है।
फोरलेन का कार्य कब तक पूरा होगा, यह कोई बताने वाला नहीं है। पैचवर्क से कब तक काम चलेगा। अभी तक पूरी तरह से फाइनल कार्य भी नहीं हुआ है। ऐसे में वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। - नंद जी तिवारी, जीराबस्ती
माल्देपुर से कदम चौराहा तक बेहतर सड़क का वादा बेकार साबित हो रहा है। इससे अच्छी तो पहले वाली सड़क थी। कम से कम टूटने के बाद ठीक से मरम्मत होती थी। - संतोष सिंह, हरपुर
फोरलेन का पैचवर्क का कार्य कराया गया था। दलदल भूमि होने के कारण दिक्कत आ जा रही है। इसके लिए कार्यदायी संस्था को दोबारा सही करने को कहा गया है। बारिश के बाद फाइनल टच दिया जाएगा। - इं. केशरी प्रकाश, एक्सईएन, लोविनि निर्माण खंड