बलिया जिले के दोकटी, रेवती, चितबड़ा गांव आदि क्षेत्रों के नौ लोगों के शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर संबंधित संक्रमित लोगों के गांव के लोग भी दहशत में हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों में कई ऐसे हैं जिन्होंने होम क्वारंटीन का पालन नहीं किया बल्कि इस अवधि में न सिर्फ पार्टी की बल्कि युवकों के साथ क्रिकेट भी खेला। साथ ही गांव के लोगों से मिले जुले भी।
जयप्रकाश नगर क्षेत्र में पूर्व में एक किशोर के कोरोना पॉजिटिव मिलने से लोगों में दहशत है। मुरली छपरा विकास खंड के चांददीयर गांव निवासी चार, खवासपुर पंचायत के बाबू के डेरा निवासी तीन, बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के दो युवकों सहित कुल दस लोग एक ही साथ बीते 14 मार्च को अहमदाबाद गए।
ये लोग चार मई को साथ ही वापस आए। इनमें से एक को क्वारंटीन कर सभी को घर भेज दिया गया। 11 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को घर से उठाकर केंद्रीय विद्यालय में क्वारंटीन कराया गया। अब इन लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इनमें से कई होम क्वारंटीन के दौरान इलाके में घूम-घूम कर पार्टी की थी और बच्चों के साथ खेले भी थे।
खवासपुर पंचायत के बाबू के डेरा निवासी दो सगे भाई भी शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे गांव में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि दो भाइयों में से एक क्वारंटीन सेंटर से घर आने पर साथियों के साथ नशा किया था और गांव से सटे प्राथमिक विद्यालय में क्रिकेट बच्चों के साथ खेला था।
ठेकहां के लोगों ने बताया कि गांव निवासी पॉजिटिव युवक क्वारंटीन सेंटर से आने के परिवार के कुल 24 सदस्यों के साथ तीन दिन व तीन रात रहा। 11 मई को इसका साथी पॉजिटिव आया तो भागकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गया। इसके परिवार के लोग भी अलग-अलग इलाकों में काम पर जाते थे। इनके संपर्क में कितने लोग आए और संक्रमित हुए, इसका पता लगाना कठिन है।
बैरिया नगर पंचायत के मिर्जापुर निवासी कोरोना संक्रमित दो युवकों ने लगातार पार्टी की। इस दौरान जितने लोग उनके संपर्क में आए उनमें दहशत है। बैरिया पुलिस ने ध्वनि यंत्र से एनाउंस किया है कि पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में जो भी रहे हैं, वे स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें और अपनी जांच कराएं।
कोलकाता से आई थी घर
बैरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगदेवा की एक तेरह वर्षीय किशोरी करोना पाजिटिव मिली है। वह पिछले बृहस्पतिवार को कोलकाता से आई थी। आने के बाद वह होम क्वारंटीन में थी। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।