बलिया। शहरी क्षेत्र में प्रदूषण को कम करने के लिए नगर पालिका परिषद खाली पड़ी भूमि पर पार्क और खेल के मैदान बनाएगी। ऐसी भूमि को चिह्नित करने के लिए 25 मई तक विशेष अभियान चला रही है। इसमें नगर पालिका परिषद के प्रबंधन वाली बंजर, ग्रीन बेल्ट व चारागाह वाली भूमि पर खास फोकस किया जा रहा है। इसके बाद जियो मैपिंग से इनको चिह्नित करके शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। यह कार्यवाही नगर विकास विभाग के निर्देश पर की जा रहीं हैं।
इस संबंध में प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेज निर्देश दिया हैं। आदेश में कहा है कि 15वें वित्त आयोग को राशि आवंटन शर्त में शहरों को एक्यूआई (एयर क्वालिटी इंडेस्क) और पर्यावरणीय मानकों को भी रखा गया है। इसके मद्देनजर विभाग ने शहरी निकाय क्षेत्रों में खाली पड़ी भूमि पर वैज्ञानिक तरीके से पार्क और खेल मैदान बनाने का फैसला किया है।
पहले चरण में निकाय क्षेत्रों में अर्धविकसित या अविकसित पार्कों को दुरुस्त कराया जाएगा जबकि दूसरे चरण में स्थानीय निकाय की बंजर, चारागाह, नवीन परती व सरकारी जमीन पर पार्क व खेल मैदान बनेंगे। उनको अतिक्रमण मुक्त करने को कहा गया है। मानसून में पौधरोपण अभियान चलाने और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में फलदनार, छायादार व शोभाकार पौधे लगाए जाएंगे। पार्कों के रखरखाव के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, एनजीओ या पीपीपी मॉडल पर ऑपरेशन एंड मैनेजमेंट अनुबंध किया जाएगा।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव का पत्र प्राप्त हुआ है और उसके आलोक में भूमि चिह्निकरण और अवैध कब्जा हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
-दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, बलिया।