बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में ग्राम सभा व दुर्गा मंदिर की जमीन पर निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने पैमाइश कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
लीलकर गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव से होकर बाढ़ से सुरक्षा को लेकर बना टीएस बंधा गुजरा है। इस बंधे पर सालों पहले सड़क निर्माण हो चुका है। बंधे किनारे ग्राम सभा की जमीन है जहां निर्माणाधीन दुर्गा मंदिर भी है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे की इस जमीन पर भूमाफिया की नजर है और इस जमीन को हड़पने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। यह भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग लोग पास ही स्थित अपने खेतों के साथ ग्राम सभा की जमीन को सालों से जोत में शामिल कर लिए हैं और अब उस पर निर्माण कराने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम सभा की भूमि को सुरक्षित करने की मांग की। एसडीएम संगम लाल यादव ने ग्राम सभा के जमीन की पैमाईश कर आख्या देने का निर्देश राजस्व निरीक्षक को दिया है।