बलिया। विद्युत निगम की तरफ से एक दिसंबर को ओटीएस के तहत जिले में 34 स्थानों पर कैंप लगाया गए। जिले के चार विद्युत वितरण खंडों में लगाए गए कैंपों में पहले दिन 750 बकायेदारों ने पहुंच कर अपना रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान 25 लाख रुपये का बिल जमा हुआ। विद्युत वितरण खंड द्वितीय में 215 उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन इं. राजकुमार ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को फायदा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कनेक्शन लेकर कभी बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस दिया जा रही है। सरकार पहली बार बिल बकायेदारों को अधिभार (सरचार्ज) पूरा माफ करने जा रही है।
कनेक्शन लेकर बिल न जमा करने वाले 120540 उपभोक्ताओं पर 948 करोड़ का बकाया है।
वहीं, मार्च 2025 से अब तक बिल जमा करने वाले 154655 उपभोक्ताओं पर 329. 48 करोड़ का बिल बकाया है। चितबड़ागांव क्षेत्र की ग्राम पंचायत कारो बाजार में विद्युत विभाग की तरफ से कैंप का आयोजन किया गया। जेई विपिन कुमार सिंह ने बकायेदारों का रजिस्ट्रेशन किया।
विशुनपुरा। प्रदेश में बिजली निगम की ओर से एक दिसंबर से चलाए जा रहे ओटीएस के तहत विशुनपुरा बाजार में विद्युत वितरण खंड बांसडीह के अंतर्गत नगरा केंद्र पर शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 100 उपभोक्ता शामिल हुए। समस्याओं के संबंध में जानकारी हासिल की। 45 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। तीन लाख रुपये बिल भी जमा किया गया। इस दौरान तारकेश्वर यादव, आशुतोष यादव, तूफानी मौर्य आदि कर्मचारी मौजूद रहे।