बलिया। दो से तीन माह में बिल जमा नहीं करने वालों का कनेक्शन काट देने वाला बिजली विभाग सरकारी बकाएदारों पर कुछ अधिक ही मेहरबान है। जिले के सरकारी विभागों पर 15 करोड़ से अधिक का बकाया है, लेकिन विद्युत विभाग कोई कटौती जैसी कार्रवाई नहीं कर रहा। जबकि इस समय पूरे जिले में बकाए की वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कहीं कनेक्शन काटा जा रहा है तो कहीं बकाएदारों के खिलाफ थानों में एफआईआर दर्ज कराया जा रहा है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार जिले में सरकारी विभागों पर बकाया 15 करोड़ 27 लाख रुपये से अधिक का है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक विकास भवन पर 82 लाख रुपये का बकाया है। अधिशासी अभियंता जल निगम पर 39 लाख से अधिक का बकाया है। जननायक चंद्रशेखर विवि पर 10 लाख तथा। इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल (गवर्नमेंट लाइब्रेरी) पर 13 लाख से अधिक का बकाया है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने बताया कि जिले में करीब 15 हजार कनेक्शन ऐसे हैं, जिन पर एक लाख से अधिक का बकाया है। यदि औसतन एक लाख का ही बकाया मान लिया जाय तो यह रकम एक अरब 50 करोड़ रुपये होती है। अब विभाग ने ऐसे बकाएदारों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि एक लाख से अधिक के बकाएदारों के खिलाफ अब आरसी जारी करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। जरूरत पड़ी तो एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम, बलिया विवेक खन्ना का कहना है कि सरकारी विभागों के बकाए को लेकर लगातार अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने इसे लेकर सकारात्मक रुख भी दर्शाया है। सबसे अधिक दिक्कत शिक्षा विभाग से है, जहां का बकाया बढ़ता ही जा रहा है। कई विभागों का बिल सेंट्रलाइज जमा होता है और अक्सर मार्च में जमा हो जाता है। ग्राम पंचायतों व नगर निकायों के बिल को लेकर भी लगातार बात की जा रही है। ग्राम पंचायतों व नगर निगमों में जलने वाली स्ट्रीट लाइटें, नलकूप व अन्य कई तरह के विद्युत बिलों का भुगतान इन्हें करना होता है, लेकिन ये समय से नहीं करते। इसे लेकर भी अधिकारियों से बात की जा रही है, हालांकि अभी बहुत अच्छा रिस्पांस सामने नहीं आया है।
जिले में सरकारी विभागों पर बिजली विभाग का बकाया
मॉडल तहसील 3,39,319
कलक्ट्रेट 2,83,407
सीडीओ 82,87,116
अधिशासी अभियंता जल निगम 39,70,830
इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल (गवर्नमेंट लाइब्रेरी) 13,20,069
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय 10,50,442
चकबंदी अधिकारी (सिविल लाइन) 4,63,863
अधिशासी अभियंता (पीडब्लूडी, रेजिडेंस) 4,08,749
अधिशासी अभियंता (पीडब्लूडी टेम्परोरी डिविजन-3) 1,87,178
डायरेक्टर फारेस्ट डिपार्टमेंट जीरा बस्ती 5,11,408
राजकीय अनुसूचित गर्ल्स हास्टल 2,85,782
मार्केटिंग अफसर (टीचर भवन रामलीला मैदान) 1,35,438
अधिशासी अभियंता एरिगेशन 1,50,060
जिला बचत अधिकारी (सदर) 1,99,852
गर्ल्स पॉलीटेक्निक 3,64,018
सहायक अभियंता (टेवेल वर्कशॉप) 1,26,091
सेंट्रल स्कूल जीराबस्ती 4,63,128
जिला क्रीड़ाधिकारी 2,99,234
ट्रेजरी बिल्डिंग 1,53,438
अधिशासी अभियंता (लोनिवि गोदाम) 5,20,498