बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की वृद्धि के विरोध में सोमवार को ट्रेड यूनियन आल इंडिया इंश्योरेंस इम्पलाईज एसोसिएशन के आह्वान पर भारतीय जीवन बीमा निगम जिला इकाई के अधिकारियों और कर्मचारियाें ने कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया।
जिसका समर्थन विभिन्न श्रमिक संगठनाें ने किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने विरोध में जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री विजय कुमार चौबे ने कहा कि बीमा क्षेत्र देश का एक महत्वपूर्ण वित्तीय क्षेत्र है। जिस पर देश के नागरिकों का काफी भरोसा रहता है।
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार इस लोकप्रिय वित्तीय संगठन को कमजोर कर और विदेशी कंपनियाें को भारत का बाजार सौंपना चाहती है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियाें और कर्मचारियों ने शपथ लिया कि किसी भी कीमत पर सरकार के इस जनविरोधी फैसले को सफल नहीं होने देंगे।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनाें ने भी समर्थन देकर धरना कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियाें के हौसले बुलंद किया। इस मौके पर पवन तिवारी, एसपी शुक्ला, रामजी तिवारी, विजय नारायण, अजय तिवारी, आनंद मोहन, विकेश पांडेय, नारायण राम, स्नेह प्रताप सिंह, अभय कुमार, अजय कुमार आदि मौजूद हे।
रसड़ा संवाददाता के अनुसार : कस्बा स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय पर अधिकारियों और कर्मचारियाें ने तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। इस मौके पर बजरंगी राम, अनिल वर्मा, मनोज कुमार, विक्रम बहादुर, प्रेमचंद्र, बीपी सिंह आदि मौजूद रहे।