कस्बे के वार्ड नंबर छह और सात के बीच से होकर निकलने वाले मार्ग पर हो रहे जलजमाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने विरोध जताया।
लोगों ने जलजमाव वाले स्थान पर मछली छोड़ा और विरोध-प्रदर्शन किया व नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उप जिलाधिकारी से तहसील परिसर में मिलकर वार्ता की। वार्ड के लोगों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता प्रतुल ओझा के नेतृत्व में लोगों ने एकसप्ताह पूर्व बांसडीह एसडीएम घनश्याम त्रिपाठी से मिलकर सड़क पर हो रहे जलजामाव की शिकायत की थी। साथ ही इस समस्या से निस्तारण के लिए गुहार भी लगाई थी।
जिस पर एसडीएम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जल निकासी व्यवस्था कराने का निर्देश दिया था। लेकिन एक सप्ताह बाद भी जल निकासी को लेकर कोई कवायद शुरू नहीं की गई।
इससे नाराज होकर लोगों ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रतुल ओझा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर पंचायत के बाशिंदों ने एसडीएम से मिलकर अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर अवनीश, अमित , शमशुल हक आदि रहे।