बेल्थरारोड। सरयू नदी के जलस्तर में वृद्धि को तटवर्ती कई गांवों के लोग बाढ़ की आशंका को लेकर सहम गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बृहस्पतिवार को अपराह्न जल स्तर 63.180 मी. दर्ज किया गया, जो लाल निशान 64.010 से 83 सेंटीमीटर कम है।
आयोग का कहना है कि दोपहर के बाद से आधा सेमी प्रति घंटे जलस्तर में कमी हो रही है। इस बीच तटवर्ती क्षेत्रों में कटान शुरू हो गया है। तुर्तीपार में बस्ती से कुछ दूरी पर नदी का कटान हो रहा है। कृषि योग्य भूमि उपजाऊ भूमि कट- कट कर नदी की जलधारा में विलीन हो रही है। नदी और टीएस बंधे के बीच बसे करीब एक दर्जन ग्रामों के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। बाढ़ का पानी गांवों की ओर बढ़ने लगा है। इससे तटवर्ती चैनपुर गुलौरा, मठिया, खैरा खास, तुर्तीपार, मुजौना, मझवलिया, बेल्थराबाजार, सहिया, सोनबरसा, हल्दीरामपुर आदि गांवों के लोग बाढ़ की आशंका को लेकर भयभीत हैं। हालांकि जलस्तर लाल निशान से अभी 83 सेमी कम है, फिर भी नदी के मिजाज में अप्रत्याशित परिवर्तन को लेकर लोग सशंकित हैं।