बैरिया। सपा नेता मनोज सिंह ने एनएच 31 पर बैरिया से मांझी के बीच सड़क खराब होने के कारण हादसों में हुई मौतों व घायलों के लिए एनएचएआई के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके विरुद्ध ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक को भी पत्रक देकर एफआईआर दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
सपा नेता ने बताया कि पिछले एक वर्ष में बैरिया के मांझी के बीच गड्ढों के कारण हुई दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत उस समय हो गई थी, जब लोग बैरिया से पटना के लिए चले थे। वहीं, अलग-अलग दुर्घटनाओं में दर्जनों लोग घायल हुए हैं। सर्वोच्च न्यायालय की रुलिंग के अनुसार अगर हाईवे पर गड्ढों के कारण कोई दुर्घटना होती है और उसमें लोगों की मौत होती है तो एनएचएआई के अधिकारियों के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा व घायल होने पर धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराने का प्रावधान है। इसी के तहत एनएचएआई के चेयरमैन आरआर सिंधु, वाराणसी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजीव अग्रवाल, आजमगढ़ कार्यालय के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नवीन कुमार मिश्र के विरुद्ध हत्या व हत्या के प्रयास का ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बताया कि अगर ऑनलाइन एफआईआर पर पुलिस उचित कार्रवाई नहीं करती है तो प्रकरण को उच्च न्यायालय ले जाएंगे।
मामले में बैरिया के एसएचओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन एफआईआर पुलिस अधीक्षक के यहां जाती है। वहां से आदेश होकर थाने आती है। थाने की जांच में अगर शिकायत सही पाई जाती है तो उसकी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी जाती है और फिर उनके आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित के खिलाफ जांचोपरांत कार्रवाई होती है। अभी तक मनोज सिंह की ऑनलाइन प्राथमिकी थाने में नहीं आई है।