रसड़ा । कोतवाली क्षेत्र के सरायभारती चट्टी के समीप रविवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में छोटेलाल की मौत हो गई। जबकि छोटू कुमार व गोलू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रसड़ा कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गाजीपुर के कासिमाबाद थाना के जगदीशपुर उरहा गांव निवासी छोटेलाल (22) तथा छोटू बाइक से रसड़ा की तरफ आ रहे थे। सामने से दूसरी बाइक पर गोलू गुप्ता निवासी पकवाइनार आ रहे थे। सरायभारती चट्टी पर दोनों बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
खून से लथपथ तीनों को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए रसड़ा सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने छोटेलाल को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति देखकर रेफर कर दिया। कोतवाल ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम को भेजवाया दिया गया है। घटना की खबर परिजनों को कर दी गई है। संवाद