रसड़ा। कोतवाली क्षेत्र के कैथीकला गांव में खेत में भैंस चराने से मना करने से नाराज मनबढ़ों ने वृद्धा भगवती देवी (60) की लाठी से पिटाई कर दी। इससे उनकी मौत हो गई।
वहीं, पति शंभू राजभर (62), बेटा मुन्ना राजभर (40), बेटा सूरज राजभर (18), नातिन नेहा (12), प्रिया राजभर (16) घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। बहू की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
रसड़ा क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कैथीकला निवासी मुन्ना राजभर की पत्नी फूलवंती देवी ने तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार की शाम सतेंद्र राम मेरे घर के आगे खेत में भैंस चरा रहा था।
खेत में सब्जी व चारा की फसल बोई गई है। सास ने भैंस चराने से रोका तो गांव के सत्येंद्र ने सास भगवती देवी एवं ससुर शंभू राजभर को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसका विरोध करने पर सास व ससुर की लाठी से पिटाई करने लगा।
शोरगुल सुनकर सत्येंद्र के परिवार के तीन-चार लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और बीच बचाव कर रहे पति मुन्ना राजभर, देवर सूरज राजभर, बेटी नेहा, प्रिया राजभर की पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज को सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत बिगड़ने के कारण भगवती देवी की मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही गांव में तनाव व्याप्त हो गया। परिजन आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए।
सूचना पर कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच परिजनों को समझा बुझाकर मामला को शांत किया।
सीओ आलोक कुमार ने कहा कि बहू की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए तीन चार लोगों को हिरासत में लिया है।