चिलकहर। विकास खंड चिलकहर के 66 गांवों में तैनात 263 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में नई नियुक्ति पाने वाली 16 कार्यकर्ताओं को सोमवार व मंगलवार को आनन-फानन में पुष्टाहार दे दिया गया। जबकि पहले सीडीपीओ कार्यालय की ओर से इनको कागजों पर पुष्टाहार दिया गया था। कार्यालय के एक लिपिक द्वारा कथित जांच का हवाला देकर पुष्टाहार देने से मना किया जा रहा था। साथ ही जांच पूरी करने के नाम पर वसूली भी की जा रही थी। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसको लेकर सीडीपीओ राहुल कुमार ने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं का पुष्टाहार नहीं दिया गया था। इसका वितरण कराया गया है।
सात जून को अमर उजाला के अंक में - कागजों में कर लिया पुष्टाहार का उठान, वितरण नहीं... शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। इसका असर रहा कि विभाग की ओर से 48 घंटे के अंदर नई नियुक्ति पाने वाली 16 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुष्टाहार दे दिया गया।