बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के गोड़धप्पा निवासी प्रसूता रूबी देवी की बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के उपरांत हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दोषी स्टाफ नर्स की वेतन वृद्धि स्थायी तौर पर रोकने के आदेश जारी किए हैं।
सीएमओ की ओर से गठित चार सदस्यीय जांच टीम ने रिपोर्ट में स्टाफ नर्स की लापरवाही मिली है। रिपोर्ट में बताया है कि नर्स ने मरीज की स्थिति बिगड़ने के बावजूद वहां मौजूद डॉक्टर को समय रहते अवगत नहीं कराया। प्रसूता को हायर सेंटर रेफर किया जाना चाहिए था। जांच में यह बात भी सामने आई कि घटना के दिन अस्पताल में मरीजों का भारी दबाव था। उक्त नर्स ने उसी दिन नौ महिलाओं की डिलीवरी करवाई थी।
कमेटी में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. मंजू रानी डीसीएमओ, डॉ. योगेंद्र दास एसीएमओ, डॉ. अभिषेक मिश्रा डीएसओ, डॉ. राकिफ़ अख्तर शामिल थे। जांच कमेटी की ओर से साक्ष्यों और बयानों के आधार पर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट सीएमओ को सौंपे जाने के बाद कार्रवाई की गई है।
इस बाबत सीएमओ डॉक्टर आनंद कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट आ गई है, उसके आधार पर कार्रवाई की गई है।