बलिया। गड़वार विकास खंड में नौ महीने से विकास कार्य ठप हैं। ब्लॉक प्रमुख अतुल प्रताप सिंह आपराधिक मामले में नैनी जेल में बंद है। ब्लाॅक में क्षेत्र के विकास के लिए करीब डेढ़ करोड़ की धनराशि डंप पड़ी हुई है। इस बाबत डीए ने कहा कि जल्द ही प्रशासन की नियुक्ति की जाएगी।
जुलाई वर्ष 2021 में ब्लाॅक प्रमुख पद का चुनाव हुआ था। इसमें गड़वार ब्लाॅक के प्रमुख पद पर अतुल प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की थी। उन्हें जिला प्रमुख संघ का अध्यक्ष भी चुना गया था। कुछ ही महीने बाद जिले में पेट्रोल पंप पर मारपीट हुई थी। इस मामले में ब्लाॅक प्रमुख अतुल प्रताप को आरोपी बनाया गया।
यह मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि प्रयागराज में टेंडर को लेकर हुई एक हत्या मामले में भी अतुल प्रताप को आरोपी बनाया गया। वह नैली जेल में बंद है। इसके बाद से ही गड़वार ब्लाॅक का विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है। हालत यह है कि जनता की भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रमुख के गैर मौजूदगी में खाता का संचालन बंद है। प्रशासन ने शासन को रिपोर्ट भेजी है, जिसमें ब्लाॅक में विकास को आगे बढ़ाने के लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।