जिले की 940 ग्राम ग्राम पंचायत वॉल पेंटिंग से चमकेंगी। इसके तहत ग्रामीणों को कोरोना से बचाव, जल बचाने, स्वच्छता के प्रति जागरुकता और एकता का संदेश दिया जाएगा। पेंटिंग को लेकर विभिन्न स्लोगन भी तैयार किए गए हैं।
दरअसल, अभी तक ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय, सामुदायिक शौचालयों और विद्यालयों की दीवारों पर ही संदेशप्रद पेंटिंग बनाई गई थी, लेकिन अब प्रत्येक ग्राम पंचायत में चौराहों और गली में भी वॉल पेंटिंग बनेंगी। इसको लेकर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तीसरे चरण में जिला पंचायत राज विभाग ने सर्वे कराकर जगह चिह्नित की है। एक जनवरी से वॉल पेंटिंग बनाने का कार्य शुरू होगा। जनपद में प्रत्येक ग्राम पंचायत में धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई कराने के साथ ही पेंटिंग भी बनाई जाएगी, जिसमें एकता का भी संदेश दिया जाएगा। कुछ जगहों पर बनी पेंटिंग को मॉडल के रूप में चिह्नित कर शासन को अवगत कराया गया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान पर लाने की कवायद
2022 में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण (ग्रामीण) के तहत जनपद को प्रथम स्थान पर लाने की कवायद की जा रही है। ग्रामीणों की जागरूकता के लिए पेंटिंग बनाई जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छताग्राही घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी। इसको लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जल्द वॉल पेंटिंग का कार्य शुरू होगा।
- अजय श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी, बलिया।