न खत्म हुई दुर्व्यवस्था, न रुकी नकल
लाख प्रयास के बावजूद बोर्ड परीक्षा में नकल व दुर्व्यवस्था रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि गुरुवार को अधिकारियों का दस्ता चक्रमण करता रहा और कई केन्द्रों पर दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते छात्र पकड़े भी गए। केन्द्र व्यवस्थापक को पकड़े गए छात्रों पर मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। पुलिसकर्मियों की कमी के कारण कहीं केन्द्र व्यवस्थापक नकल कराने वाले को दौड़ाते रहे तो कहीं जमीन पर बैठाकर छात्र परीक्षा देते देखे गए।
बोर्ड परीक्षा अब अंतिम दौर में है लेकिन दुर्व्यवस्था व नकल में कोई सुधार नहीं हो सका। गुरुवार को सुबह हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में एक बार फिर नकल माफिया केन्द्रों पर पूरी तरह हावी रहे। जिला प्रशासन की ओर से की गयी सभी कवायदें फेल रहीं। आलम यह रहा कि भीमपुरा क्षेत्र के एक परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थियों को जमीन पर बैठाकर परीक्षा कराया गया। जबकि कुछ दिन पहले जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से यह चेतावनी दी गई थी कि जमीन पर बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले केन्द्र को डिबार किया जाएगा लेकिन अधिकारियों के निर्देश का भी कोई असर केन्द्र व्यवस्थापकों पर नहीं हो रहा है।
दूसरी ओर बांसडीह रोड के छितौनी के एक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा व्यवस्था माकूल नहीं होने के कारण नकल कराने वालों से केन्द्र व्यवस्थापक को ही जूझना पड़ा। बार-बार मना करने के बावजूद नकल कराने वाले नहीं माने तो परेशान होकर केन्द्र व्यवस्थापक खुद ही लाठी लेकर नकल कराने वालों को खदेड़ना शुरु कर दिया। सुबह की पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से दो परीक्षार्थियों को नकल करते उड़ाका दल के अतुल कुमार सिंह, परासर मुनि उच्चतर माध्यमिक सीताकुंड से एक नकलची को प्रभारी बीएसए सुभाष गुप्ता व राम सुंदर स्मारक शिक्षण संस्थान से एक छात्र को नकल करते जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश कुमार सिंह ने पकड़ा।
शाम की पाली में इंटर जीव विज्ञान द्वितीय प्रशभनपत्र की परीक्षा में हसई चौधरी इंटर कालेज सिसयंड में उड़ाका दल के अतुल तिवारी ने एक छात्र के स्थान पर गैर छात्रा को परीक्षा देते पकड़ा। इसके अलावा बजरंग इंटर कालेज दफलपुरा में एक छात्र के स्थान गैर छात्र व सहदेव इंटर कालेज सपहवां औराई कला में एक छात्र के स्थान पर गैर छात्र को परीक्षा देते पकड़ लिया। श्री तिवारी ने पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश केन्द्र व्यवस्थापकों को दिया।