बंद होंगे बगैर मान्यता के डमी स्कूल
जनप्रतिनिधियों की शिकायत को शासन ने गंभीरता से लिया है। अब बगैर मान्यता के डमी स्कूल बंद होंगे। इसके लिए जनपद स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है।
विशेष सचिव कृष्ण कुमार गुप्ता ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर कहा कि जनप्रतिनिधियों की ओर से संज्ञान में लाया गया है कि बगैर मान्यता के डमी स्कूल चल रहे हैं।
जनपद स्तर पर गठित समिति के माध्यम से डमी स्कूलों संबंधी प्रकरणों की जांच कराए जाने तथा प्रत्येक माह मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं सहायक मंडलीय शिक्षा निदेशक बेसिक को रिपोर्ट उपलब्ध कराने, जनपद स्तरीय समिति से प्राप्त रिपोर्ट व इनकी संस्तुति के अनुसार संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगरा के खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह का कहना है कि शासनादेश के अनुपालन में गैरमान्यता प्राप्त व डमी विद्यालयों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। यदि कोई ऐसा पाया जाता है तो प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।