प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शिवन टोला में हुई हत्या में शामिल हत्यारोपियों के साथ खड़ी है। बिजली, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क के बदहाली की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार इन सभी मामलों में फेल है। जनता त्राहिमाम कर रही है, कोई सुनने वाला नहीं है। विधायक जयप्रकाश अंचल, संग्राम सिंह यादव, मोहम्मद रिजवी, पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
वहीं, सपा का शिष्टमंडल प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में मृतक किशोर के घर टोला शिवन राय गांव निवासी गोलू यादव के घर पहुंच कर संवेदना व्यक्त की। समाजवादी पार्टी कीतरफ से परिवार को आर्थिक सहायता सहित सभी प्रकार का सहयोग देने का भरोसा दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आदेश पर हम लोग यहां पहुंचे हैं। पूरी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, तारकेश्वर मिश्र, दशरथ यादव आदि रहे। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
हत्या के कारण को लेकर उहापोह
बैरिया थाना क्षेत्र के शिवन टोला निवासी 14 वर्षीय गोलू यादव पुत्र हरेंद्र यादव की हत्या को कारणों को लेकर गांव में अब भी उहापोह की स्थिति है। आखिर गोलू की हत्या क्यों हुई? यह यक्ष प्रश्न बनकर बना हुआ है। दोनों गावों के लोग भी गोलू को एक अच्छे विचार और व्यवहार का लड़का बता रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम ने बताया कि अभी तक हत्या का कारण आपसी रंजिश पचा चल रहा है। प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। दूसरे दिन भी शिवन टोला चट्टी पर भारी पुलिस बल व पीएसी चक्रमण करती रही।