जिला पंचायत पद के अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान एकमात्र नामांकन सपा के घोषित उम्मीदवार सुधीर पासवान ने शुक्रवार को किया। नामांकन के अंतिम समय तक किसी दूसरे उम्मीदवार का नामांकन पत्र न भरे जाने से सपा उम्मीदवार को ही जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह ने निर्विरोध घोषित कर दिया।
सपा के घोषित उम्मीदवार के निर्विरोध होने पर जनपद के सपा नेताओं में हर्ष का माहौल रहा। ऐसे में सपाइयों के लिए नए साल के साथ जिला पंचायत पद पर मिली जीत ने दोहरी खुशी मनाने का मौका दे दिया।
सपा के घोषित उम्मीदवार विधायक गोरख पासवान के पुत्र सुधीर पासवान ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएम कार्यालय में बने नामांकन स्थल पर दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस दौरान उनके साथ दो सेटों के लिए चार प्रस्ताव एवं समर्थक के साथ करीब दर्जन भर लोग आरओ शरद कुमार सिंह के समक्ष पहुंचकर दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन पत्रों की विधिवत जांच क बाद निर्वाचन अधिकारी शरद कुमार सिंह ने नामांकन पत्र को सही बताते हुए उसकी प्राप्ति रसीद उम्मीदवार सुधीर पासवान को दे दी।
सपा उम्मीदवार के नामांकन के बाद प्रशासन के लोग दूसरे उम्मीदवार के आने का इंतजार करते रहे। जबकि तीन बजे तक कोई उम्मीदवार सामने नहीं आया।
हालांकि निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से कुल पांच सेट नामांकन पत्र बिके थे। जिसमें सपा उम्मीदवार सुधीर ने दो सेट, भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक अनिल कुमार की पत्नी चंपा देवी ने दो सेट तथा मनोरंजन राव ने एक सेट में नामांकन पत्र खरीदा था।
पांच में से दो सेट नामांकन पत्र आने के बाद प्रशासन एक और प्रत्याशी के आने का इंतजार शाम तीन बजे तक करता रहा। निर्वाचन अधिकारी ने शासन को सपा के उम्मीदवार को निविरोध घोषित करते हुए रिपोर्ट भेज दी। चुनाव अधिकारी ने बताया कि चार जनवरी को सपा उम्मीदवार को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।