बलिया। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रही जंग के बीच पिछले एक सप्ताह से जनपद में उपजी रसोई गैस की कमी का अभी समाधान नहीं आ रहा है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने हर गैस एजेंसी पर नोडल अधिकारी तैनात किया है। कालाबाजारी ने भी जोर पकड़ लिया है। 250 रुपये प्रति किलो तक की दर से सिलिंडरों को रिफिल किया जा रहा है।
फिलहाल कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए हर एजेंसी पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। साथ ही उनके मोबाइल नंबरों को सार्वजनिक किया गया है। अधिकतर ब्लाकों में खंड शिक्षाधिकारियों को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही एलडीएम, बीएसए, डीआईओएस, परियोजना प्रबंधक सेतु निगम, जिला युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गैस एजेंसियों पर उपस्थित रहकर वितरण, स्टाक का निरीक्षण करें। उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर सिलिंडर उपलब्ध कराएं। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत करा कार्रवाई कराएंगे। नोडल अधिकारियों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संबंधित एसडीएम को सौंपी गई है। संवाद