बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को भी प्रमुख बाजारों में खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजा। इस दौरान टीम ने नौ क्विंटल बूंदी और एक क्विंटल लड्डू जब्त किया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक श्रीवास्तव के नेतृत्व में गड़वार रोड स्थित बूंदी के लड्डू के कारखाने में छापा मारकर लड्डू व बूंदी का नमूना लिया। इसके साथ ही वहां मौके पर मिले एक क्विंटल से अधिक लड्डू और करीब 960 किलो बूंदी जब्त की गई। इसके बाद विजय सिनेमा रोड में दो घी निर्माण ईकाई पर क्रीम व घी के नमूने लिए। नया चौक जापलिनगंज से पनीर व रिफाइंड का नमूना संदेह के आधार पर लिया गया। टीम में अभिहित अधिकारी महेन्द्र श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश राय, अमित सिंह, विपिन गिरि, नरेन्द्र कुमार, संतोष कुमार, चन्द्र प्रकाश यादव आदि रहे।