बलिया। ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस शनिवार को परंपरा के अनुरूप धूमधाम से निकला। जुलूस में शामिल हुए नौ अखाड़ों के युवाओं ने शौर्य कला का प्रदर्शन किया। 115 साल से निभाई जा रही महावीरी झंडा जुलूस की परंपरा के लिए लोगों में गजब का उत्साह रहा। जुलूस में सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।
विशुनीपुर चौराहे पर जय बजरंगबली व वीर हनुमान के नारे से पूरा शहर गूंज उठा। इस दौरान सभी चौराहे पर अखाड़ों में शामिल युवाओं ने लाठी-डंडे, राड आदि से अद्भुत करतब दिखाए।
विशुनीपुर चौराहे पर नगरपालिका की ओर से बनाए गए मंच पर डीएम मंगला प्रसाद, एसपी ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने आखाड़ाें का स्वागत किया। इससे पहले नगर कमेटी का जुलूस सबसे पहले उठा, हनुमानगढ़ी मंदिर पर झंडा का पूजन-अर्चन करने के बाद बालेश्वर मंदिर, जापलिनगंज होते हुए बलिया-बैरिया मुख्य मार्ग पर आया। यहीं पर मिड्ढी कमेटी का जुलूस इसमें शामिल हुआ। यहां से जुलूस रेलवे स्टेशन, शहीद चौक पार्क, लोहापट्टी, चमन सिंह बाग रोड, कासिम बाजार चौराहा होते हुए साढ़े छह बजे विष्णु धर्मशाला विशुनीपुर चौराहे पर स्थित मस्जिद पर पहुंचा।
जुलूस में नगर कमेटी, मिड्ढी कमेटी, जगदीशपुर कमेटी, टाउनहाल, बनकटा कमेटी, सिनेमा रोड कमेटी, बालेश्वर घाट कमेटी, लोहापट्टी कमेटी, गुदरी बाजार कमेटी व चमन सिंह बाग रोड कमेटी शामिल रहीं। इसी बीच अन्य अखाड़ों का जुलूस रेलवे स्टेशन के सामने आकर एक दूसरे के पीछे हो गए।
जुलूस में एक से बढ़कर एक झांकियां अपनी अनुपम छंटा बिखेर रही थीं। प्रशासन ने इस बार हथियार पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। इससे खिलाड़ी मायूस रहे। जुलूस के दौरान नगर पालिका चेयरमैन संत कुमार मिठाई, परिवहन मंत्री के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह, व्यापारी नेता मंजय सिंह, सुनील परख, राजेश गुप्ता, अनूप चौबे, हरेराम राय, बंटू सिंह, संजय उपाध्याय ने आगवानी की।
यात्रियों को उठानी पड़ी फजीहत : जुलूस के मद्देनजर नगर में दोपहर तीन बजे के बाद वाहनों के प्रवेश पर रोक रही। आने-जाने वाले राहगीरों को काफी दिक्कत हुई।
नगर के तीन प्रमुख मार्ग बहादुरपुर, कदम चौराहा व माल्देपुर मोड़ व गड़वार रोड़ सनबीम स्कूल के पास प्रतिबंध रहा। लोगों को वाहन स्टैंड तक जाने के लिए पैदल ही दूरी नापनी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी ट्रेन पकड़ने वालों को हुई।
एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर नगर में चक्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद संभाली। चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। बड़े वाहनों के शहर में आने पर प्रतिबंध रहा। शाम सात बजे नगर कमेटी का पहला जुलूस निकला।