बलिया। टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज के साथ आर्थिक मदद दी जा रही है। टीबी मरीजों को चिह्नित करने के लिए स्क्रीनिंग चल रही है। उनकी निक्षय पोर्टल पर विशेष आईडी बनाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 2316 मरीजों को निक्षय आईडी जारी की गई। जिले में 6732 टीबी मरीज हैं। सरकार ने 2025 तक देश सहित जिला को टीबी रोग से मुक्त करने के लिए निक्षय पोर्टल लांच किया है।जनपद में सौ दिन का सघन टीबी उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। क्षय रोग के नोडल एसीएमओ डॉक्टर विजय यादव ने बताया कि एक जनवरी से 100 दिन चलने वाले अभियान के दौरान सभी ब्लाॅकवार टीमें काम कर रही हैं। संवाद
लखनऊ से पहुंची टीम, क्षय रोगियों के इलाज की व्यवस्था को परखा : सिकंदरपुर। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की जांच करने शुक्रवार को लखनऊ की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंची। स्टेट टीवी टेक्निकल ऑफ़िसर डॉ. आलोक कुमार ने अस्पताल में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के रजिस्टर की जांच की। 17 मरीजों की टीवी की जांच कर दवा चलाई जा रही है। सीएचसी में तैनात वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संजीव मिश्र ने सरकारी एवं गैर सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में इलाज ले रहे टीबी रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।