बलिया। एनएच 31 की दुर्व्यवस्थाएं जल्द ही दूर होने जा रही हैं। बलिया के भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसके लिए 143 करोड़ रुपये जारी कर दिया है। इसका टेंडर भी हो गया है और दिसंबर में ही कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा।
यह जानकारी देते हुए सांसद मस्त ने कहा कि गाजीपुर के कठवा मोड़ पुल की हालत काफी खराब है। वहां बड़े वाहनों की एंट्री बैन है। यही हाल बक्सर पुल का भी है। एनएच 31 बलिया से माझी पुल तक जिले की लाइफ लाइन है। इसके खराब होने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। अब ये दिक्कत जल्द ही दूर हो जाएगी।उन्होंने बताया कि गाजीपुर से माझी तक का एनएच 31 का टेंडर जल्द ही समाप्त होने की कगार पर है। उम्मीद है कि दिसंबर से निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इसका लागत मूल्य लगभग 143 करोड़ रुपया केंद्र सरकार की ओर से पास कर दिया गया है। गाजीपुर (मुहम्दाबाद) में वर्षो से बंद पड़े (कठवा मोड़ कटहल नाला पुल) के निर्माण के लिए सरकार द्वारा अलग से बजट का प्रावधान किया गया है। कई वर्षों से इस पुल पा भारी वाहनों के लिए रोक है। अब ये भी जल्द शुरू हो जाएगा।