बिहार प्रांत सारण जिले के मांझी में पुल से नवजात बच्ची के फेंकने की सूचना पर पहुंची बिहार पुलिस
बैरिया। मंगलवार सुबह सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में नवजात को जयप्रभा सेतु के पाया नंबर-10 से करीब सरयू नदी की रेत पर पड़ी मिली। मंगलवार सुबह मांझी निवासी विकास डोम जयप्रभा सेतु से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नीचे रेत पर एक नवजात बच्ची दिखाई दी। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वह नीचे उतरे। वहां बच्ची को अकेले पड़ा देख उन्होंने तत्काल मांझी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से बच्ची को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांझी पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के मुताबिक, बच्ची की उम्र दो से तीन दिन प्रतीत हो रही है। करीब 50 फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद रेत होने के कारण उसे गंभीर चोट नहीं आई। फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर बताई जा रही है और सीएचसी में उसका इलाज चल रहा है।