बलिया। एमबीबीएस कोर्स में दाखिले के लिए रविवार को जिले के छह केंद्रों पर परीक्षा हुई। सिंगल शिफ्ट में परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिलना शुरू हो गया था।
दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षार्थियों की कड़ी जांच की गई। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही जांच के दौरान परीक्षार्थियों से घड़ी, सन ग्लासेस, टोपी उतरवा ली गई। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र-छात्राओं ने बताया कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री की तुलना में फिजिक्स के प्रश्न काफी कठिन थे।
नगर के एमएमटीडी कॉलेज के तीन, एससी काॅलेज के दो और केंद्रीय विद्यालय जीराबस्ती में बनाए परीक्षा केंद्रों पर पंजीकृत 2714 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 2643 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 71 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई।
प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से परीक्षार्थियों की जांच की गई। केवल प्रवेश पत्र दिखाने पर ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा को सकुशल और शुचितापूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। परीक्षा को लेकर जारी निर्देश मुताबिक परीक्षार्थियों को केंद्र के गेट पर मौजूद परीक्षकों द्वारा गहनता से जांच की गई।
पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड से फोटो मिलान के बाद ही अंदर जाने की अनुमति थी। वहीं परीक्षार्थियों के पोशाक पर भी विशेष नजर थी। इस दौरान घड़ी, सन ग्लासेस, टोपी समेत मेटेलिक आइटम को पहले ही निकलवा दिया गया।
यही स्थित लड़कियों के साथ भी रही। किसी प्रकार का ऐसा आइटम जो परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं थी उसे बाहर ही रखवा दिया जा रहा था।
नगर के टीडी कॉलेज से नीट की परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने पेपर को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया दी। किसी ने भौतिकी के पेपर को कठिन बताया तो किसी के लिए केमेस्ट्री के प्रश्न कठिन लगे। वहीं केंद्र के मूलभूत व्यवस्था को लेकर सभी ने नाराजगी जाहिर की।