हल्दी क्षेत्र के बहादरपुर गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान विजेता टीम को शील्ड को दे
हल्दी। विकास खंड बेलहरी के बहादुरपुर गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और रोमांचक संघर्ष का गवाह बना। कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में नीरुपुर की टीम ने अतिरिक्त समय में हल्दी को 57-54 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला हल्दी और नीरुपुर के बीच 15-15 मिनट का खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और स्कोर बराबरी पर रहा। इसके बाद दोनों टीमों के कप्तान नीरुपुर के राहुल यादव और हल्दी के अवनीश कुमार के अनुरोध पर मैच रेफरी शैलेंद्र भारती व गौतम भारती ने दो मिनट का अतिरिक्त समय दिया। अतिरिक्त समय में नीरुपुर के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 57 अंक जुटाए, जबकि हल्दी की टीम 54 अंक ही बना सकी। तीन अंकों की इस जीत के साथ नीरुपुर ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हल्दी ने पिंडारी को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि नीरुपुर ने मेजबान बहादुरपुर को हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कुनाल पांडेय ने विजेता नीरुपुर और उपविजेता हल्दी की टीम को ट्रॉफी, शील्ड और मेडल प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष अनमोल पासवान और उपाध्यक्ष प्रिंस श्रीवास्तव ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।