बलिया। वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन सोमवार को जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल का फूल चढ़ाकर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान मां के जयकारे एवं घंट-घडिय़ाल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र के देवीमय हो गया। इसके बाद, शाम को माताओं ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापना कर महागौरी का पूजन अर्चन किया। वहीं, सुबह में मलहोरी ने प्रत्येक घरों में फूल दिया तो शाम को लोगों द्वारा घरों के बाहर बाजा बजाकर देवी का आवाहन किया गया।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन श्रद्धालुओं ने महागौरी का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान भक्तों ने कोरोना के बढ़ रहे प्रकोप के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कतारबद्ध होकर पूजन दर्शन किया। नगर के गुदरी बाजार और जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर पर भक्तों ने दर्शन पूजन किया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर और उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर और नवका बाबा मंदिर, रेवती के पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने नारियल, चुनरी, प्रसाद चढ़ाकर परिवार के सुख समृद्धि की कामना की। घंट-घड़ियाल तथा मां के जयकारे से मंदिर सहित आसपास का क्षेत्र देवीमय हो गया।