बलिया। नगर पालिका परिषद ने अभी तक नए वित्तीय वर्ष की बोर्ड नहीं कराई है। इसकी वजह से शहर में विकास के प्रस्ताव नहीं बन सके और विकास रुका हुआ है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा के अनुसार बोर्ड की बैठक कराने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन उनकी ओर से अब तक कोई सकारात्मक उत्तर नहीं दिया गया। इस संबंध में पुन: प्रयास किया जाएगा।
बैठक न होने की वजह से शहर में इंटरलॉकिंग, नाली, पुलिया निर्माण समेत अन्य विकास और निर्माण कार्यों के प्रस्ताव तक नहीं बन पा रहे हैं। इसके साथ ही सबसे अहम कार्य परिसीमन का भी रुका हुआ है। बता दें कि ददरी मेला के आयोजन से पूर्व नगर पालिका के बोर्ड की बैठक हुई थी। तब से अब तक बोर्ड की कोई बैठक नहीं हुई है। उधर, बीते वर्ष में कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान को लेकर ठेकेदार पालिका के चक्कर काट रहे हैं। नगर पालिका परिषद के लेखाकार राघव मिश्रा ने बताया कि नगर पालिका परिषद के खाते में ग्रांट नहीं होने की वजह से संबंधित ठेकेदारों के भुगतान रुके हुए हैं। शासन से ग्रांट कम मिलने की वजह से पालिका कर्मियों को वेतन तक नहीं दे पा रहे हैं।
नगर पालिका परिषद की वित्तीय वर्ष की बोर्ड बैठक इसी माह बुलाई जाएगी। सभी सभासदों से विचार विमर्श किया जा रहा है और प्रस्ताव देने के लिए भी कहा जाएगा। - अजय कुमार, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद बलिया