ददरी मेले के नंदीग्राम में जिले और आसपास के जनपदों से आए मवेशी।
- फोटो : ballia
जिले के ऐतिहासिक ददरी के पशु मेले के लिए नंदीग्राम सज कर तैयार हो गया है। मेले की अनौपचारिक शुरुआत हो गई है। जबकि सोमवार को भूमि पूजन के बाद पशुओं की खरीद फरोख्त शुरू हो जाएगी। मेला डाला छठ पर्व के बाद शबाब पर पहुंचने लगेगा। उधर, प्रशासन भी मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। हालांकि जनपद के बाहर से आने वाले पशु व्यापारियों को हमेशा की तरह पुलिस उत्पीड़न से दो चार होना पड़ रहा है। ददरी मेले के नंदीग्राम मेले में जनपद, गैर जनपद के अलावा गैर प्रांतों के पशु व्यापारी पशुआें की खरीददारी व बिक्री के लिए प्रत्येक वर्ष आते है। करीब एक माह तक चलने वाले मेले की तैयारी जोरों पर हैं। हांलाकि नंदीग्राम मेला पूरी तरह सजकर तैयार है।
मेले में पशुओं के लिए घुघरू-घंटी के साथ ही पशुओं के लिए चारा, भूसा, चोकर, खली आदि की दूकानें भी तैयार हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेले के चारों तरफ बैरकेटिंग किया गया है। इसमें आने-जाने वालों के लिए कई स्थानाें पर प्रवेश द्वार भी बनाए गए है। प्रवेश द्वार पर नपा व राजस्वकर्मियाें की ड्यूटी लगाई गई है। यह कर्मचारी मेले में आने वाले पशु व्यापारियों से प्रवेश शुल्क लेने का काम करते है। लेकिन पशु व्यापारियाें के सामने सबसे बड़ी समस्या रास्ते में पुलिस उत्पीड़न व अवैध वसूली है। मेले में सुविधाआें के लिए तैयारी अभी जारी है।