बलिया चैंपियंस लीग का शानदार आगाज
बलिया। नगर के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में बलिया टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को बलिया क्रिकेट चैंपियंस लीग का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष साकेत सिंह सोनू तथा बांसडीह के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार सिंह मुन्ना ने फीता काटकर किया। पहला मैच उदयपुरा तथा उमरगंज के बीच खेला गया। 10 ओवरों के मैच में उदयपुरा की टीम ने उमरगंज की टीम को 12 रन से पराजित कर जीत का सेहरा अपने सिर बांध लिया। दूसरा मैच टीडी कालेज और किंग्सफोड परमंदापुर के बीच खेला गया। जिसमें किंग्सफोर्ड परमंदापुर की टीम ने छह रनों से विजश्री हासिल की। चैंपियंस लीग के अध्यक्ष संजय सिंह, चेयरमैन अरविंद कुमार गुप्ता, साकेत कुमार सिंह, जिला सचिव असलम शेख वारसी, कोषाध्यक्ष वसीउल्लाह, अनुराग उर्फ सोनू आदि मौजूद रहे।
मिठाई लाल निकालेंगे नगर भ्रमण जुलूस
बलिया। नगर पालिका परिषद के भावी उम्मीदवार संतकुमार उर्फ मिठाईलाल अपने समर्थकों के साथ हनुमानगढ़ी तथा भृगुआश्रम में पूजन अर्चन करने के बाद पदयात्रा निकालेंगे। इसके बाद नगर पालिका के क्षेत्र के हर वार्ड में जाकर लोगों से मिलेंगे। इस नगर भ्रमण कार्यक्रम में उनके साथ भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। मिठाई लाल ने बताया कि पूर्वांचल टाकीज स्थित कैंप कार्यालय से नगर भ्रमण निकाली जाएगी।