बैरिया। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के आलेख प्रकाशन में गड़बड़ी सामने आई है। अधिकांश गांवों में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। इसको लेकर परेशान लोग ब्लॉक व तहसील मुख्यालय का चक्कर लगाने के लिए विवश हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पंचायत भवन, क्षेत्र पंचायत कार्यालय व तहसील मुख्यालय पर मतदाता सूची चस्पा की जानी चाहिए, लेकिन ऐसा अब तक नहीं हुआ है।
विकासखंड मुरली छपरा के ग्राम पंचायत दलन छपरा में 1700 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत रामपुर में करीब 200 लोगों के नाम सूची से गायब हैं। मतदाताओं का कहना है कि यह तो सिर्फ एक बानगी है। अधिकांश ग्राम पंचायत की स्थिति यही है। विकासखंड मुरली छपरा के गांव हो अथवा बैरिया के हर जगह मतदाता सूची बनाने में गड़बड़ी की गई है। इस संदर्भ में लोगों ने उप्र के चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित करते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।उप जिलाधिकारी बैरिया आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि लोगों से निर्धारित फाॅर्म भरवा कर मंगाए गए हैं। जिनके नाम कटे हैं, वे बीएलओ से फाॅर्म लेकर भर दें, उनका नाम दर्ज कराया जाएगा। साथ ही जांच कराई जाएगी कि क्यों लोगों के नाम मतदाता सूची से कटे हैं। अगर बीएलओ गलत पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों ने की एसडीएम से शिकायत
सिकंदरपुर। ग्राम पंचायत सिसौटार की नई मतदाता सूची में अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सदस्य नीरज कुमार राय सहित अन्य ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार को सोमवार को शिकायती पत्र सौंपकर वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ियों को सुधारने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि नई मतदाता सूची में वार्ड संख्या 10, 11 और 13 के मतदाताओं का मतदान केंद्र बदलकर गोसाईपुर प्राथमिक पाठशाला कर दिया गया है, जबकि इन वार्डों की दूरी उक्त मतदान केंद्र से लगभग तीन किलोमीटर है। इसी प्रकार वार्ड संख्या 15 के कुछ मतदाताओं का मतदान केंद्र हरपुर प्राथमिक पाठशाला कर दिया गया है, जिसकी दूरी करीब पांच किलोमीटर बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मतदान केंद्रों की यह अदला-बदली बिना किसी ठोस कारण के की गई है, जिससे विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्राम पंचायत सदस्य नीरज कुमार राय ने बताया कि यदि समय रहते मतदाता सूची में सुधार नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी गड़बड़ियों को दूर कर सही एवं संशोधित वोटर लिस्ट जारी की जाए।