कोहरे के नाम पर लिच्छवी एक्सप्रेस का संचालन बंद करने पर सलेमपुर सांसद ने नाराजगी जताई और रेलमंत्री से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि ये रेल संचालन कितना जरूरी है। रेलमंत्री ने आश्वसन दिया है कि इस पर ध्यान दिया जाएगा।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिल ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोहरे की नाम पर नई दिल्ली और सीतामढ़ी के बीच चलने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस व वाराणसी-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बंद करने पर नाराजगी जताई। सांसद विद्यार्थी ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता को नई दिल्ली जाने के लिए एकमात्र लिच्छवी एक्सप्रेस है, जिसका संचालन रेल अधिकारियों ने दिसंबर से फरवरी तक बंद करने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
साथ ही वाराणसी-गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस वाराणसी से 11:45 बजे प्रस्थान कर 5:23 बजे गोरखपुर पहुंचती है। इस ट्रेन को भी कोहरे के नाम पर बंद किया जा रहा है, जबकि यह ट्रेन दिन में चलती है। इसलिए कोहरे के प्रभाव का सवाल ही नहीं पैदा होता। इसके बावजूद रेल अधिकारियों के अदूरदर्शी रवैए के चलते लिच्छवी व इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन बंद किया जा रहा है, जो सलेमपुर की जनता के साथ घोर नाइंसाफी है। रेल मंत्री ने सांसद की बातों को गंभीरता से लेते हुए यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।