मिश्रौलिया गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने गया बालक का बगल के पोखरे में शव मिलने से सनसनी फैल गई। मां का रो रो कर बुरा हाल है और परिजनों ने शव को रखकर प्रदर्शन किया और लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने के बाद माहौल शांत हुआ।
उभांव थाना के मिश्रौलिया गांव स्थित आंगनवाड़ी में पढ़ने गया पांच वर्षीय बालक का पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इसकी खबर लगते ही गांव में खलबली मच गई, परिजनों ने पोखरे से शव को बाहर निकाल स्कूल परिसर में रखकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाही की मांग को लेकर अड़े हुए है। सूचना पर मौके पर थाना प्रभारी बिपिन सिंह दलबल के साथ मौजूद है।
विज्ञापन
मिश्रौली गांव निवासी सतीश चंद गुप्ता का पांच वर्षीय बेटा अंशुमान प्राथमिक स्कूल परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ता था। बुधवार को अन्य बच्चों के साथ पढ़ने गया था, उसी बीच किसी समय स्कूल के बगल में स्थित पोखरे में डूब गया, उसकी ख़ोजबीन होने लगी तो उसके साथ पढ़ने गई एक छोटी बच्ची ने पोखरे में डूबने की बात बताई, परिजनों ने तलाश की तो पोखरे से शव बरामद हुआ।
परिजनों का आक्रोश देख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भाग खड़ी हुई। परिजन कार्यकर्ताओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को लेकर शव को केंद्र के बाहर रख प्रदर्शन करने लगे। थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि पांच वर्ष का बालक का शव पोखरे में मिला है। परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम को भेजा जाएगा।