बलिया के सिकन्दरपुर कस्बे के डोमनपुरा मोहल्ले में दारू पीकर घर पहुंचे दो भाई आपस में झगड़ने लगे। यह देख उनकी मां और छोटे भाई की पत्नी उन्हें रोकने गई। इस दौरान धक्का लगने से गिरी मां व बहू के सिर में गंभीर चोट लग गई। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर लाया गया, जहां डॉक्टर ने मां को मृत घोषित कर दिया और बहू को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
डोमनपुरा निवासी रशीद व शकील सगे भाई हैं। बुधवार की देर शाम दोनों दारू पीकर घर पहुंचे और आपस में झगड़ा करने लगे। यह देख मां अरमाना उम्र 60 वर्ष पत्नी भोला खां व आरसीबानो उम्र 26 पत्नी सोनू दोनों का झगड़ा छुड़ाने लगीं। अचानक दोनों ने उन्हें धक्का दे दिया जिससे अरमाना और आरसीबानो झटके से गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर पहुंचाया।
जहां चिकित्सक ने अरमाना को मृत घोषित कर दिया। बहु आरसीबानो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया तो वहां घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई गई। प्रभारी निरीक्षक बाल मुकुंद मिश्रा ने कहा कि अभी उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा मामला है तो पता कर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।