जिले के अधिकांश थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे देखरेख के अभाव में खराब पड़े हैं। इनमें से अभी तक गड़वार थाने में कैमरा नहीं लग सका है। लेकिन अभी भी इसे लेकर पुलिस महकमा सक्रिय होता नहीं दिख रहा। जनपद में जीआरपी थाने को लेकर कुल 23 थाने हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद गड़वार थाने को छोड़कर सभी थाने में सीसीटीवी कैमरा लगा तो दिया गया। लेकिन कुछ थानों को छोड़ दिया जाय तो अधिकांश थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे देखरेख के अभाव में शोपीस बने हुए है। मानिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक को करनी थी। लेकिन आजतक ऐसा नहीं हो सका। सूत्रों की मानें तो अधिकांश थानों में कैमरों को जानबूझकर खराब करा दिया गया है।
जनपद में अपराध, लूट, छिनैती, हत्या, बलात्कार, थाने में हो रही अवैध वसूली, थाने में दलालों का आवागमन आदि पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने जिले के सभी थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। जिसमें गड़वार थाने को छोड़कर बैरिया, बांसडीह, भीमपुरा, बांसडीहरोड, चितबड़ागांव, दोकटी, दुबहर, फेफना, खेजुरी, मनियर, नगरा, नरहीं, पकड़ी, रसड़ा, रेवती, सहतवार, सिकंदरपुर, सुखपुरा, उभांव, हल्दी एवं शहर कोतवाली में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। इसमें दो प्रकार के कैमरे लगाए गए थे। जिसमें बुलेट कैमरा कार्यालय तथा ड्रोन कैमरा थाने के मुख्यगेट पर था। इसका उद्देश्य थाने में आने-जाने वाले लोगाें पर पैनी नजर रखने, थाने में हो रही अवैध वसूली पर भी अंकुश लगाने का था।