बेल्थरारोड। मुंबई से मजदूरों को लेकर बिहार जा रही श्रमिक एक्सप्रेस को बुधवार की अपराह्न चेन पुलिंग कर बेल्थरारोड स्टेशन पर रोक दिया गया। जबकि यहां ट्रेन का स्टापेज नहीं है। ट्रेन रुकने के बाद रेल महकमे में हलचल बढ़ गई। वहीं ट्रेन से दो दर्जन से अधिक श्रमिक प्लेटफार्म पर उतर गए। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर संतोष गुप्ता ने तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह को देकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने स्टेशन पर सभी श्रमिकों को इकट्ठा किया। इसकी सूचना मिलने पर विवेकानंद पीजी कॉलेज के प्रबंधक टीएन मिश्रा मौके पर पहुंचे तथा श्रमिकों को भोजन, पानी आदि मुहैया कराया। उसके बाद तहसीलदार ने दो पिकअप वाहन से श्रमिकों को बिहार भिजवाया। सभी श्रमिक मुंबई में दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्य करते थे। लेकिन लाक डाउन के चलते धंधा बंद हो गया। इससे भूखे मरने की नौबत आ गई, जो ट्रेन से अपने घर जा रहे थे।
पशु को बचाने में बाइक पलटा, दो जख्मी
बेल्थरारोड। सिकंदरपुर मार्ग पर मंगलवार की रात सड़क पार कर रहे पशु को बचाने के प्रयास में सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के मालदह निवासी मुन्ना साहनी (22) और बृजेश राजभर (25) बाइक से गिरकर जख्मी हो गए। सीएचसी से गंभीर स्थिति के चलते मुन्ना साहनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।