बलिया। त्योहार पर घर पहुंचने की जल्दबाजी और ट्रेनों की देरी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को बलिया रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों की अपेक्षा दो से तीन गुना अधिक भीड़ नजर आई।
महानगरों से आने वाली ट्रेनों के जनरल और आरक्षित कोच यात्रियों से खचाखच भरे रहे। सीट नहीं मिलने पर कई यात्रियों को फर्श पर बैठकर सफर करना पड़ा। वहीं, ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों को धक्कामुक्की के बीच मशक्कत करनी पड़ी। कई ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को प्लेटफाॅर्म पर भी इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, कानपुर और प्रयागराज समेत विभिन्न शहरों से आने वाली 6 से ज्यादा ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक रहा। ट्रेन के प्लेटफाॅर्म पर पहुंचते ही सामान लेकर यात्री कोचों की ओर दौड़ते नजर आए। कोचों में जगह कम होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को चढ़ने-उतरने में परेशानी हुई। सुरक्षा में तैनात जवानों ने यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से ट्रेन में सवार कराने में मदद की।
जयनगर से अमृतसर जाने वाली स्पेशल करीब छह घंटे की देरी से पहुंची। इसके कोच पहले से ही यात्रियों से भरे हुए थे। दोपहर में पहुंची बलिया-पाटलिपुत्र ट्रेन में भी यही स्थिति रही। त्योहार पर घर लौटने और छुट्टी के बाद काम पर जाने वालों की भीड़ के चलते आरक्षित टिकट मिलना भी मुश्किल हो रहा है। रेलवे की ओर से पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही है।
सुखपुरा निवासी सुरेंद्र राजभर ने बताया कि त्योहार के कारण लोग पहले ही घर लौट रहे हैं। ट्रेनों में वेटिंग 100 से अधिक चल रही है। 43 वेटिंग था, कंफर्म न होने पर जनरल टिकट लिया ट्रेन में भी सीट मिलना मुश्किल होने पर फर्श पर बैठकर यात्रा किया।
दुबहड़ निवासी सुशीला देवी ने बताया कि दीपावली के आसपास ट्रेनों में भीड़ और बढ़ जाएगी। उनके पति अभी लुधियाना में हैं। डेढ़ महीने पहले टिकट कराने के बावजूद भीड़ की चिंता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव अधिक है।
त्योहार में ट्रेनों में बढ़ी भीड़ के बीच परिचालन में देरी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। रविवार को बलिया रेलमार्ग से गुजरने वाली छह से अधिक ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। रेलवे की अधिकारिक वेबसाइट एनटीइएस के अनुसार विलंब ट्रेनों में 15560 वाराणसी-दरभंगा एक्सप्रेस करीब साढ़े तीन घंटे, 04651 जयनगर-अमृतसर स्पेशल करीब छह घंटे और 04094 आनंद विहार टर्मिनल-पाटलिपुत्र स्पेशल करीब दो घंटे की देरी से चली।
वहीं, 14514 अंबाला कैंट-बरौनी एक्सप्रेस एक घंटे, 14650 अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस और 11061 मुंबई-जयनगर एक्सप्रेस करीब दो-दो घंटे, जबकि 22428 भृगु एक्सप्रेस करीब चार घंटे विलंब से चली। त्योहार पर घर लौटने वालों की भीड़ के बीच ट्रेनों की देरी से यात्रियों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ी।