बलिया। नगर में बन रहे नाले में मछली मारने वालों की जाल में कई सांप फंस गए। उसमें कई प्रजाति के थे। मछली मारने वाले के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है।
नगर के विभिन्न मोहल्लों की जल निकास के लिए एक वर्ष से एनसीसी तिराहा से हाइड्रिल कॉलोनी तक नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। इन दिनों बारिश होने के कारण आसपास के मोहल्लों के लोग नाले में जाल लगाकर मछली मारने लगे हैं। सोमवार की शाम हरपुर मोहल्ला के ओमप्रकाश ने नाले में मछली मारने के लिए जाल लगा दिया ताकि रात में मछलियां फंसी रहेगी तो सुबह निकालेंगे। मंगलवार की सुबह जब ओमप्रकाश ने नाले से जाल निकाला तो उसमें से सर्प निकलने शुरू हो गए। ओमप्रकाश डर के मारे जाल छोड़कर दूर खड़ा हो गया और शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग आ गए। इस बीच देखते ही देखते सांप जाल से निकलने लगे। बताया जाता है कि कुछ ही देर में 15-20 सांप जाल से बाहर आ गए। बाद में लकड़ी के सहारे जब जाल को निकाला गया तो उसमें करीब आठ सांप मर चुके थे। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जो वायरल हो रहा है।