दयाछपरा क्षेत्र के नवकागांव में सावन माह के पहली सोमवारी पर जलाभिषेक करने जाते श्रद्धालु।
- फोटो : BALLIA
बलिया। सावन महीने में प्रमुख देवालयों पर जाने व जलाभिषेक व दर्शन करने की तैयारी लोग काफी दिनों पहले से ही करने लगते हैं। लेकिन इस साल कोरोना महामारी ने इन तैयारियों पर भी विराम लगा दिया है। जनपद के अधिकांश प्रमुख शिवालयों में सावन की पहली सोमवारी फीका-फीका रहा। न तो कहीं रेला लगा और न ही कहीं मेला ही लगा। हालांकि इसके बावजूद श्रद्धालु नहीं माने और शिवालयों के पास पहुंच मंदिर के बाहर ही जलाभिषेक कर बाबा भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया।
नगर में स्थित बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर को पुजारी व कमेटी की ओर से सजाया गया था और पूरी तरह मंदिर की बैरिकेडिंग की गई थी ताकि मंदिर तक किसी तरह का संक्रमण नहीं पहुंच सके। नगर में लॉकडाउन लागू होने के बावजूद श्रद्धालु सोमवार को तड़के से ही बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर पहुंचने लगे और बाहर ही जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। जबकि बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में सावन के महीने में भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट जाते थे। नगर के अन्य शिवालयों पर यही स्थिति रही।