नगर के रामलीला मैदान में माली समाज के तत्वावधान में आयोजित ज्योतिबा फूले जयंती के मुख्य अतिथि स्वामी प्रसाद मौर्य को माला पहनाकर सम्मानित करते समाज के लोग।
प्रधानमंत्री मोदी अंबेडकर के नाम पर छलावा कर रहे हैं। हकीकत में यदि वह अंबेडकर को मानते हैं, तो आरक्षण में प्रमोशन विधेयक जो राज्यसभा से पास होकर लोकसभा में लंबित है, उसे पारित कर देना चाहिए। यह बातें पीडब्लूडी डाकबंगले में सोमवार को विपक्ष के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश में कोई चेहरा नहीं मिला तो उसने आपराधिक छवि वाले केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। ऐसा नेता जनता को क्या न्याय दिलाएगा। उन्होंने प्रदेश के सपा सरकार को गुंडा और भ्रष्टराज की संज्ञा देते हुए कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह अखिलेश सरकार को 100 में 100 अंक देते हैं। लेकिन पता होना चाहिए कि प्रदेश में नकल करने वाले भी अच्छे अंक पाते हैं। मौर्य ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने जो चुनाव के समय वादा किया था उसे अब तक पूरा नहीं किया। उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने, खेतों की नि:शुल्क सिंचाई, छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने सहित अन्य वादे किए था।
लेकिन उसके सभी वादे अधूरे रहे। न तो किसानों का कर्ज माफ हुआ और न ही छात्र-छात्राओं को लैपटॉप ही मिले। कहा कि बसपा अब तक जिन मुद्दों भ्रष्टाचारियों का का सफाया, गुंडों के विरुद्ध कार्रवाई, गरीबों को उनका हक दिलाने आदि जिन मुद्दों पर चुनाव लड़कर चार बार सत्ता में आई है, उन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरी है। इस बार बसपा पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।